MP IAS Reshuffle : भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 29 अधिकारियों के तबादले किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि दो संभागों के आयुक्त भी बदले गए हैं।
नई नियुक्तियों के तहत कर्मवीर शर्मा को भोपाल संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है। वहीं शैलेंद्र सिंह को रीवा संभाग की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा संजीव सिंह को खेल एवं युवा कल्याण विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासनिक फेरबदल में रीवा संभाग के आयुक्त बाबू सिंह जामोद को नगरीय विकास एवं आवास विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं मुकेश चंद्र गुप्ता को जेल विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
सरकार ने डॉ. ई. रमेश कुमार को राजस्व विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया है, जबकि विवेक कुमार पोरवाल को खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव का दायित्व सौंपा गया है। राज्य सरकार का यह कदम प्रशासनिक कार्यों में अधिक प्रभावशीलता और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





