IND vs ENG : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रनों से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम की युवा गेंदबाज नंदिनी शर्मा की रही, जिन्होंने अपने इंटरनेशनल डेब्यू मैच में दमदार गेंदबाजी कर सभी का ध्यान खींच लिया।टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम के लिए यह जीत काफी अहम मानी जा रही है। खास बात यह रही कि डेब्यू मुकाबले में नंदिनी शर्मा ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों का भरोसा मजबूत कर दिया।

IND vs ENG : डेब्यू मैच में नंदिनी शर्मा का शानदार प्रदर्शन
चेम्सफोर्ड में खेले गए इस मुकाबले में नंदिनी शर्मा ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर की शानदार शुरुआत की। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए।नंदिनी ने इंग्लैंड की सबसे खतरनाक बल्लेबाज एमी जोन्स के अलावा डेनिएल गिब्सन और वोंग को आउट कर भारतीय टीम को मैच में मजबूत स्थिति दिलाई। उनके इस प्रदर्शन को भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है।
IND vs ENG : भारत की ओर से दूसरा सर्वश्रेष्ठ डेब्यू स्पेल
नंदिनी शर्मा का यह प्रदर्शन भारतीय महिला टीम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि भी बन गया। टी20 इंटरनेशनल डेब्यू में भारत की ओर से यह दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन माना जा रहा है।इस सूची में पहला स्थान पूर्व भारतीय खिलाड़ी सोनिया डबीर के नाम है, जिन्होंने साल 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ 23 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। नंदिनी अब डेब्यू मैच में 3 विकेट लेने वाली भारत की दूसरी महिला गेंदबाज बन गई हैं।
IND vs ENG : महिला प्रीमियर लीग में भी दिखाया था दम
नंदिनी शर्मा पहले ही महिला प्रीमियर लीग में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित कर चुकी हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में 10 मुकाबलों में 17 विकेट हासिल किए थे और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहीं।वह दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा थीं और लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली। अब उनके इंटरनेशनल डेब्यू ने चयनकर्ताओं के फैसले को सही साबित कर दिया है।
IND vs ENG : भारतीय बल्लेबाजों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 188 रन बनाए। टीम की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने बेहतरीन पारी खेलते हुए 40 गेंदों में 69 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा।इसके अलावा यास्तिका भाटिया ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 54 रन बनाए। वहीं दीप्ति शर्मा ने तेजी से रन बनाते हुए 13 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया।
IND vs ENG : इंग्लैंड की टीम 150 रन तक ही पहुंची
189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर केवल 150 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की ओर से एमी जोन्स ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए, जबकि हीथर नाइट ने 21 रन का योगदान दिया।भारतीय गेंदबाजी में नंदिनी शर्मा के अलावा क्रांति गौड़ ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
IND vs ENG : भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टीम का संतुलित प्रदर्शन टी20 विश्व कप 2026 से पहले काफी सकारात्मक माना जा रहा है।सीरीज का दूसरा मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम अपनी बढ़त को और मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

