REPORT : AMRIT SHAHU
Gold Seizure : महासमुंद में बड़ी कार्रवाई, करोड़ों का सोना बरामद
Gold Seizure : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेंहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई।पुलिस ने 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनके वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोना जब्त कर लिया।

Gold Seizure : कार के गुप्त चैंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था सोना
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल चेकपोस्ट के पास नियमित चेकिंग के दौरान एक वोक्सवैगन कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर से भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए।बताया जा रहा है कि कार ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही थी। पुलिस को शक होने पर वाहन की गहन जांच की गई, जिसमें यह बड़ी खेप पकड़ी गई।
Gold Seizure : गुजरात के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया
मामले में पुलिस ने गुजरात के तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है।पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सोने की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Gold Seizure : आयकर विभाग और DRI को सौंपी गई जांच
सोने के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद सिंघोड़ा पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को दी। आगे की जांच अब संबंधित एजेंसियां करेंगी।प्रारंभिक जांच में यह मामला टैक्स चोरी और अवैध परिवहन से जुड़ा माना जा रहा है। एजेंसियां अब सोने के स्रोत और इसके नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं।
Gold Seizure : चेकिंग अभियान में मिली बड़ी सफलता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लोकसभा चुनाव और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान यह बड़ी कार्रवाई सामने आई।सिंघोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों की सबसे बड़ी गोल्ड सीजर कार्रवाई माना जा रहा है।

