Suicide Blast : भीड़भाड़ वाले बाजार में धमाका, कई लोग घायल
Suicide Blast : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुए आत्मघाती हमले से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक लक्की मरवत जिले के नौरंग बाजार में हुए भीषण धमाके में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह इलाका खैबर पख्तूनख्वा का एक व्यस्त कारोबारी केंद्र माना जाता है, जहां घटना के समय काफी भीड़ मौजूद थी।प्राथमिक जानकारी के अनुसार आत्मघाती हमलावर विस्फोटकों से भरे ऑटो रिक्शा में सवार होकर बाजार पहुंचा और फाटक चौक के पास खुद को उड़ा लिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतकों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक महिला भी शामिल हैं।

Suicide Blast : अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित, मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट
Suicide Blast : घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। घायलों को सराय नौरंग स्थित तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल कई लोगों को आगे के इलाज के लिए बन्नू और पेशावर के अस्पतालों में रेफर किया गया है। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और मेडिकल स्टाफ को तत्काल बुलाया गया है।रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शाहदाब खान के अनुसार ब्लास्ट की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और राहत टीमें मौके पर भेज दी गई थीं। वहीं प्रांत के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

