रिपोर्ट- विष्णु गौतम
House Theft : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नेहरू नगर पश्चिम स्थित एक पॉश कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे से देर रात 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, मकान मालिक विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ अम्रपाली सोसायटी में एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। वे नेहरू नगर पश्चिम में किराए के मकान में रहते हैं। देर रात करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर अलमारी टूटी हुई थी और पूरा सामान बिखरा पड़ा था, जिससे चोरी का खुलासा हुआ।
House Theft: CCTV खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश में गठित हुई विशेष टीम
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अलमारी में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 45 से 50 लाख रुपये तक के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे। हालांकि, परिजनों का कहना है कि चोरी गई संपत्ति की वास्तविक कीमत इससे भी अधिक हो सकती है। बताया जा रहा है कि शादी के लिए जेवर बैंक लॉकर से निकालकर घर में रखे गए थे।

House Theft : परिवार शादी में गया था, लौटने पर टूटा मिला दरवाजा और बिखरा सामान
चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया जा रहा है।

