Bhopal News : कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में हुआ मंथन
BY: digital desk
Bhopal News : भोपाल, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला मूल्यांकन के विधानसभा सदस्य एवं दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए तथा समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी भोपाल विकास प्राधिकरण श्यामवीर सिंह, सहायक आयुक्त नगर निगम भोपाल कीर्ति चौहान, एसडीओ वन अधिकारी धीरज सिंह चौहान, उप संचालक नगर एवं ग्राम निवेश हरिओम माहेश्वरी, भाड़ा नियंत्रण अधिकारी अजय शर्मा, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग राकेश निगम, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग प्रदीप चतुर्वेदी, उपायुक्त मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल रीना सिंह, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र सतेन्द्र कुमार, अधीक्षक भू-अभिलेख एवं डायवर्सन अनिल गव्हाड़े सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bhopal News : बैठक में कलेक्टर गाइड लाइन वर्ष 2026-27 के प्रारूप पर चर्चा करते हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से प्राप्त सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति की पूर्व बैठक दिनांक 18 मार्च 2026 में औद्योगिक क्षेत्रों को उनकी वास्तविक स्थिति के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए थे, जिसके आधार पर मुख्य मार्गों एवं आंतरिक क्षेत्रों की दरों में भिन्नता रखते हुए आवश्यक संशोधन किए गए। साथ ही ग्राम एवं नगर निवेश द्वारा स्वीकृत नवीन वृहद कॉलोनियों को भी गाइड लाइन में सम्मिलित करने तथा जिन ग्रामीण क्षेत्रों की दरें पूर्व में पृथक रूप से निर्धारित नहीं थीं, उन्हें अलग से चिन्हित कर शामिल किया गया।
Bhopal News : बैठक में प्राप्त 63 सुझावों पर तथ्यात्मक आधार पर चर्चा की गई। इनमें से 34 सुझावों को आंशिक रूप से स्वीकार, 4 सुझावों को पूर्ण रूप से मान्य, जबकि 22 सुझावों को अमान्य किया गया। वहीं 3 सुझाव, जो शासन अथवा केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड से संबंधित पाए गए, उन्हें विचारार्थ केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजे जाने का निर्णय लिया गया।

Bhopal News : चर्चा के दौरान अलार्क रेसिडेंसी, ग्राम भौंरी, नूर-उस-सबाह रेसिडेंसी कोहेफिजा, मेफेयर कॉलोनी, गोल्डन सिटी जाटखेड़ी, प्रेमपुरा भदभदा सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रस्तावित दरों से संबंधित सुझावों पर विस्तार से विचार किया गया। कुछ मामलों में दरों में आंशिक संशोधन किया गया, जबकि दस्तावेजों के विश्लेषण के आधार पर कई सुझावों को अमान्य भी किया गया।
भोपाल विकास प्राधिकरण द्वारा रक्षा विहार एवं ऐरो सिटी परियोजनाओं की दरों में आंशिक संशोधन संबंधी प्रस्ताव भी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे समिति द्वारा स्वीकार किया गया ताकि प्राधिकरण की संपत्तियों के क्रय-विक्रय को प्रोत्साहन मिल सके और किफायती आवास की अवधारणा को बढ़ावा दिया जा सके।
बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित गाइड लाइन 2026-27 में कुल 2177 कंडिकाएं शामिल हैं, जिनमें से लगभग 66 प्रतिशत कंडिकाओं में किसी प्रकार की वृद्धि प्रस्तावित नहीं की गई है, जबकि लगभग 740 कंडिकाओं में वृद्धि प्रस्तावित की गई है।
बैठक के अंत में कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला मूल्यांकन समिति श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने वरिष्ठ जिला पंजीयक एवं समिति के संयोजक श्री स्वप्नेश शर्मा को निर्देशित किया कि प्रस्तावित गाइड लाइन को निर्धारित प्रारूप में अंतिम रूप देकर केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को प्रेषित किया जाए। साथ ही विधायक श्री भगवानदास सबनानी द्वारा भी समिति की अनुशंसाओं को शासन एवं केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजे जाने का समर्थन किया गया।

