संवाददाता : राजेश साहू
BALOD : बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम दियाबाती में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों का कुछ दबंगों द्वारा हिंसक विरोध किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने वाले लोगों ने न केवल कैमरा लगाने का काम रोका, बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

BALOD : ग्रामीणों का विरोध और पूर्व विधायक की पहल
मामले को लेकर आज 200 से अधिक ग्रामीण संजारी बालोद के पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर और एडिशनल एसपी से मिलकर विस्तृत जानकारी दी और दबंगों पर कार्रवाई करने के लिए ज्ञापन सौंपा।
BALOD : कैमरा लगाने की प्रक्रिया में उत्पन्न हुई हिंसा
ग्राम विकास समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि गांव के तीन मोहल्लों में चयनित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। दो मोहल्लों में कैमरे सफलतापूर्वक स्थापित कर दिए गए।

लेकिन 16 मार्च को जब तीसरे मोहल्ले प्रेम नगर में कैमरा लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई, तभी गांव के कुछ लोग एकजुट होकर वहां पहुंचे और काम रुकवा दिया। आरोप है कि इन लोगों ने हाथ में डंडे लेकर कैमरा लगाने आए कर्मियों को दौड़ा दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
BALOD : पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
घटना की सूचना तुरंत गुरूर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन विवाद बढ़ने के कारण बिना ठोस कार्रवाई के वापस लौट गई। बाद में थाना प्रभारी स्वयं मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों के आरोप हैं कि दबंगों के दबाव में आकर उन्होंने चयनित स्थल बदलकर अन्य जगह कैमरा लगवा दिया।
BALOD : एडिशनल एसपी का आश्वासन और पूर्व विधायक की चेतावनी
एडिशनल एसपी ने दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो गुरूर थाना प्रभारी के खिलाफ भी मांग की जाएगी।

