Festival Security : ईद, रामनवमी और सरहुल को लेकर प्रशासन मुस्तैद, पुलिस बल की तैनाती बढ़ी
Festival Security : गिरिडीह में आगामी ईद, रामनवमी और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया और पुलिस बल को विभिन्न इलाकों में तैनात किया गया।

Festival Security : शहर के प्रमुख स्थल बड़ा चौक से झारखंड सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए पीसीआर वाहनों को रवाना किया गया। इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने हरी झंडी दिखाकर गिरिडीह पुलिस को मिले 32 चारपहिया वाहन और 39 मोटरसाइकिल को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। ये वाहन संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार गश्त करेंगे।

Festival Security : बड़ा चौक से शुरू हुआ फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न मार्गों और संवेदनशील इलाकों से गुजरते हुए पचंबा तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्वयं मार्च का नेतृत्व किया। उनके साथ वरीय अधिकारी, दंडाधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
Festival Security : मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नियमित पेट्रोलिंग, वाहन जांच अभियान और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी को और मजबूत किया गया है।
Festival Security : पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

