Baha Festival : जाहेर थान में पूजा-अर्चना,पारंपरिक नृत्य और वाद्य यंत्रों की गूंज, आदिवासी समाज में उत्साह
Baha Festival : जामताड़ा के गोदलीपाहाड़ी स्थित जाहेर थान में मानवी मार्शल क्लब के तत्वावधान में आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व बाहा पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रकृति के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की।

Baha Festival : पूजा कार्यक्रम में नाईकी गिरीस सोरेन, कुडम नाईकी मैनेजर सोरेन, मांझी बाबा बीबीलाल सोरेन, पौराणिक वीरेंद्र हेंब्रम, मुखिया जोसेफ मुर्मू और ओफिसर सोरेन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बाहा पर्व के मुख्य अनुष्ठान के तहत साल वृक्ष के नए फूलों की पूजा की गई, जिसे आदिवासी समाज में नए वर्ष की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।

Baha Festival : इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। युवक-युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर, ढोल और अन्य वाद्य यंत्रों की थाप पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।पूरे आयोजन में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिली। ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस पर्व को मनाया और अपनी परंपराओं को सहेजने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

