Sponge Iron Scam : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बसना पुलिस ने करोड़ों रुपए के अवैध मिनरल ट्रेड का बड़ा खुलासा किया है। हाईवे पर चलने वाले ट्रकों से स्पंज आयरन की चोरी कर उसे फर्जी बिलों के जरिए खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस जांच में अब तक 106 करोड़ रुपए से अधिक के अवैध लेनदेन की पुष्टि हुई है।

इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें ट्रक ड्राइवर सोनूलाल मोंगरे और रामेश्वर मानिकपुरी, ओडिशा के सोहेला निवासी रंजित सिंह और रायगढ़ के पुसौर निवासी इस्पात कारोबारी तारक घोष शामिल हैं।
Sponge Iron Scam : बसना पुलिस ने ट्रकों से हो रही चोरी और फर्जी बिलिंग का किया भंडाफोड़
मामले का खुलासा 25 फरवरी को हुआ, जब पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ओडिशा बॉर्डर के पास दो संदिग्ध ट्रकों को रोका। शुरुआत में गांजा तस्करी के शक में जांच की गई, लेकिन ट्रकों में स्पंज आयरन मिला। ड्राइवरों से दस्तावेज मांगे जाने पर वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद माल को जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान पता चला कि रंजित सिंह चोरी किए गए स्पंज आयरन को अवैध रूप से जमा कर फर्जी बिलों के जरिए रायपुर के उरला क्षेत्र में खपाता था। वहीं, तारक घोष और उनके सहयोगी इस पूरे रैकेट के लिए फर्जी बिल तैयार करते थे।
Sponge Iron Scam : हवाला लेनदेन और फेक कंपनियों के जरिए चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने तीन कर्मचारियों के नाम पर फर्जी कंपनियां बनाकर फेक इनवॉइसिंग के जरिए इस अवैध कारोबार को अंजाम दिया। इसके साथ ही करोड़ों रुपए के हवाला लेनदेन के भी सबूत मिले हैं।
ASP प्रतिभा पांडेय के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
इस बड़े खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
read more : Korba Navratri Procession: कोरबा में चैत्र नवरात्रि पर भव्य शोभायात्रा की तैयारी

