अविनाश श्रीवास्तव
GST Collection Sasaram : वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 अपनी समाप्ति की ओर है, लेकिन जिला मुख्यालय सासाराम स्थित वस्तु एवं सेवा कर कार्यालय के लिए विभाग द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। दरअसल टैक्स स्लैब में सरकार द्वारा किए गए बदलावों और एक स्लैब को पूरी तरह हटा देने के कारण विभाग कर संग्रहण के मामले में लक्ष्य से काफी पीछे नजर आ रहा है।

GST Collection Sasaram : लक्ष्य के मुकाबले कम वसूली
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष के लिए सासाराम जीएसटी कार्यालय को 450 करोड़ रुपये टैक्स संग्रहण का लक्ष्य प्राप्त है। हालांकि फरवरी माह की समाप्ति तक विभाग ने 327 करोड़ रुपये की वसूली कर ली है, लेकिन वित्तीय वर्ष खत्म होने में अब बहुत कम समय बचा है और लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग को अभी भी लगभग 123 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली करनी होगी।
GST Collection Sasaram : टैक्स स्लैब में बदलाव बना बाधा
राजस्व संग्रहण में आई कमी को लेकर राज्य कर संयुक्त आयुक्त हरेंद्र कुमार मांझी ने बताया कि सरकार के नीतिगत निर्णय के तहत टैक्स स्लैब में बदलाव किया गया है। एक महत्वपूर्ण टैक्स स्लैब को हटा दिए जाने के कारण कर संग्रहण पर सीधा असर पड़ा है। इसके अलावा जिले के बड़े करदाताओं के व्यवसाय बंद होने से भी विभाग को काफी नुकसान हुआ है।
GST Collection Sasaram : लक्ष्य प्राप्ति के लिए एक्शन मोड में विभाग
वहीं लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग अब एक्शन मोड में है। संयुक्त आयुक्त ने कहा कि टैक्स जमा नहीं करने वाले करदाताओं की पहचान की जा रही है और संपर्क कर टैक्स जमा करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वित्तीय वर्ष में विभाग ने 372 करोड़ लक्ष्य के विरुद्ध 352 करोड़ राजस्व की वसूली की थी, जो लक्ष्य के काफी करीब था।
GST Collection Sasaram : करदाताओं से विभाग की अपील
संयुक्त आयुक्त ने कहा कि विभाग राजस्व की भरपाई के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जिन क्षेत्रों से टैक्स कम आ रहे हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है। इनके अनुसार टेंट पंडाल, मैरिज हॉल आदि के संचालकों को प्राथमिकता में रखा गया है और लगातार निरीक्षण कर टैक्स भुगतान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने करदाताओं से भी अपील किया कि ईमानदारी से टैक्स का भुगतान करें, ताकि लक्ष्य के नजदीक पहुँचा जा सके।
READ MORE : Nalanda Village Clash : मुरादपुर गांव में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट में 6 लोग घायल

