Isa Ahmad
Sirpur Mahotsav 2026: छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का 3 फरवरी की रात भव्य और गरिमामयी समारोह के साथ समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद रूपकुमारी चौधरी शामिल हुईं। इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही महासमुंद जिले की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक और कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
Sirpur Mahotsav 2026: सिरपुर हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक : सांसद रूपकुमारी चौधरी
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सिरपुर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर है। यहां की प्राचीन विरासत, बौद्ध विहार, मंदिर और ऐतिहासिक संरचनाएं इसे विश्व पटल पर विशेष स्थान दिलाती हैं।
उन्होंने कहा कि सिरपुर महोत्सव हमारी गौरवशाली परंपराओं, सभ्यता और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है, जो युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है।
Sirpur Mahotsav 2026: पर्यटन और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ रहा सिरपुर
इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार ने बताया कि 1 से 3 फरवरी तक चले इस महोत्सव में लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ लिया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से आए कलाकारों और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समारोह में समां बांध दिया।
वहीं सिरपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ ने बताया कि सिरपुर में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है। महोत्सव के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ संगोष्ठी आयोजित कर सुझाव लिए गए हैं। इन सुझावों के आधार पर सिरपुर को विश्व धरोहर सूची में शामिल करने का प्रस्ताव आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही पर्यटन के जरिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में भी ठोस योजना बनाई जा रही है।





