Report: Ashok agrawal
Mandla news: मंडला जिले के नैनपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत हीरापुर में प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला उजागर हुआ है। यहां पंचायत के कागजी रिकॉर्ड में एक जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया।
समग्र आईडी में दर्ज कर दिया ‘स्वर्गीय’
ग्राम पंचायत हीरापुर निवासी पीतम रजक की समग्र आईडी में उनके नाम के आगे ‘स्वर्गीय’ लिखा हुआ पाया गया। इस गलती के कारण उन्हें शासकीय योजनाओं का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा था।
दर-दर भटकता रहा पीड़ित
खुद को जिंदा साबित करने के लिए पीतम रजक ने पंचायत से लेकर अन्य सरकारी कार्यालयों तक कई बार आवेदन दिए, लेकिन लंबे समय तक रिकॉर्ड में सुधार नहीं किया गया। कागजों में मृत बताए जाने के कारण वे हर योजना से वंचित रहे।
मीडिया में मामला आने के बाद खुली पोल
जब यह मामला मीडिया के सामने आया, तब प्रशासन ने जांच शुरू की। जांच में साफ हुआ कि पंचायत के दस्तावेजों में गंभीर त्रुटि के चलते पीतम रजक को मृत दर्शा दिया गया था।
प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित ने प्रशासन के सामने अपनी जीवित होने से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत किए और जल्द सुधार की मांग की। मामले के सामने आते ही ग्राम पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया।
जांच और कार्रवाई का आश्वासन
अनुविभागीय अधिकारी अशुतोष ठाकुर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और पीतम रजक के रिकॉर्ड में सुधार कर उन्हें सभी शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
पंचायत व्यवस्था पर उठे सवाल
यह मामला पंचायत स्तर पर रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही और सरकारी व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करता है, जहां एक जीवित व्यक्ति को कागजों में मृत कर दिया गया।





