Report By: Jagbir Duggal
Bhiwani: हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत कार्यरत कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने पर गहरा रोष देखने को मिल रहा है। भिवानी के सामान्य अस्पताल में कार्यरत HKRN कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द वेतन जारी करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
Bhiwani: ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी खामी से रुका वेतन
कर्मचारियों का आरोप है कि ऑनलाइन पोर्टल पर कर्मचारियों का डेटा सही तरीके से अपडेट नहीं होने के कारण वेतन अटक गया है। इस वजह से प्रदेशभर के 8 हजार से अधिक HKRN कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं। कई कर्मचारियों के सामने बच्चों की स्कूल फीस, घर का राशन और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है।
सरकार से की भावुक अपील
HKRN कर्मचारियों ने कहा कि उन्होंने भाजपा सरकार को “मां-बाप” समझकर वोट दिया था, लेकिन आज वही कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने याद दिलाया कि कोरोना काल के दौरान जब कोई घरों से बाहर निकलने को तैयार नहीं था, तब HKRN कर्मचारियों ने आगे बढ़कर सेवाएं दी थीं और लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
HKRN कर्मचारी प्रधान दीपक तंवर ने कहा कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक वेतन नहीं मिला है। हालात ऐसे हैं कि कर्मचारियों के पास न तो बच्चों की फीस भरने के पैसे हैं और न ही घर चलाने के लिए पर्याप्त साधन। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो HKRN कर्मचारी प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

सरकार से जल्द हस्तक्षेप की मांग
कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि पोर्टल से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को तुरंत दूर कर बकाया वेतन जारी किया जाए, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिल सके।

